मा० प्रभारी मंत्री ने की विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा, 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य हेतु समयबद्ध व प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश
(रिपोर्ट - बृजेश कुमार सिंह)
सोनभद्र। जनपद मुख्यालय पर आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मा० प्रभारी मंत्री श्री रविंद्र जायसवाल जी द्वारा विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सदर विधायक श्री भूपेश चौबे, जिलाधिकारी श्री बी०एन० सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा, जिला अध्यक्ष भाजपा श्री नंदलाल गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० पंकज राय सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन सड़कों को मार्च माह तक गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने, जल जीवन मिशन के अंतर्गत ‘हर घर नल’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, विद्युत आपूर्ति निर्धारित समयानुसार बनाए रखने तथा ट्रांसफार्मर मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों में बाउंड्री वॉल, शौचालय, पेयजल एवं विद्युत जैसी आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग से संबंधित बिंदुओं पर भी विस्तार से समीक्षा की गई। दिनांक 01.01.2026 से 15.02.2026 तक भा.दं.वि. के तीन वर्षीय तुलनात्मक अपराध आँकड़ों का विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। निरोधात्मक कार्यवाही, गोवध से संबंधित प्रकरणों में की गई कार्रवाई, पुरस्कार घोषित अपराधियों के विरुद्ध अभियान, खनन अधिनियम के अंतर्गत कार्यवाही, उ0प्र0 विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों की प्रगति, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों में की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। मा० प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु प्रभावी, समयबद्ध एवं कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी विभागों को समन्वय एवं नवाचार के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।






0 टिप्पणियाँ