वन क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग का बुल्डोजर एक्शन जारी, तीन पक्के मकान जमींदोज,विरोध में हुआ पथराव ।
(रिपोर्ट- मदन मोहन नौगढ़/चंदौली)
चंदौली। जनपद के चकरघटृटा थाना क्षेत्र में मझगांई रेंज के गंगापुर बीट स्थित भैसोड़ा कम्पार्टमेंट संख्या-7 के आरक्षित वन क्षेत्र में शनिवार को वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए तीन पक्के आवासीय ढांचों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त करा दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि शीला पत्नी राजकुमार निवासी बजरडीहा, राजकुमार पुत्र बचाऊ निवासी परसिया तथा एक अन्य व्यक्ति के विरुद्ध पूर्व में विभागीय एफआईआर दर्ज की गई थी। संबंधित लोगों को वन भूमि पर निर्माण कार्य न करने की चेतावनी भी दी गई थी, बावजूद इसके दबंगई पूर्वक निर्माण कार्य जारी रखा गया। आरोप है कि न सिर्फ पक्का मकान तैयार कर लिया गया था, बल्कि एक मकान पर लिंटर तक डाल दिया गया था। सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की रणनीति बनाई। शनिवार को वन विभाग की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची तो वहां लोगों में अफरा-तफरी मच गई। विरोध के बीच कुछ लोगों द्वारा पथराव किए जाने की भी सूचना है, लेकिन वन विभाग का स्टाफ “करो या मरो” की नीति पर पूरी मुस्तैदी के साथ डटा रहा। इस कार्रवाई में दौरान लाखों रुपये की लागत से तैयार हो रहे तीनों पक्के मकान कुछ ही देर में मलबे में तब्दील हो गए। महिलाओं ने स्टाफ के साथ अभद्रता भी किया लेकिन जेसीबी लगातार चलती रही और पूरा निर्माण एक झटके में ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई को लेकर इलाके में काफी चर्चा बनी हुई है।
वनक्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आरक्षित वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, निर्माण अथवा अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। दोबारा कब्जा या निर्माण करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई के साथ-साथ निर्माण को जेसीबी से तत्काल ध्वस्त किया जाएगा। अभियान के दौरान वन दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह, रोहित गुप्ता, दिलीप कुमार, अभिषेक चतुर्वेदी, सुरेश कुमार, सुदामा सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे।





0 टिप्पणियाँ