खण्ड शिक्षा अधिकारी ने किया ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, संकुल बोझ और मझगांवां का दबदबा।
(रिपोर्ट- मदन मोहन नौगढ़ चंदौली )
चंदौली। उच्च प्राथमिक विद्यालय रीठिया के प्रांगण में मंगलवार को ब्लॉक स्तरीय उच्च प्राथमिक स्तरीय कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी लालमणि कन्नौजिया द्वारा फीता काटकर किया गया। प्रतियोगिता में ब्लॉक के विभिन्न संकुलों से आए बालक-बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, खेल भावना और अनुशासन के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दिनभर चले रोमांचक मुकाबलों में कबड्डी बालक वर्ग में संकुल बोझ ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान (विजेता) हासिल किया, जबकि संकुल मझगांवां उपविजेता बनी। वहीं कबड्डी बालिका वर्ग के फाइनल मैच में भी संकुल बोझ का दबदबा कायम रहा और उसने खिताब अपने नाम किया, जबकि संकुल मंगरही उपविजेता स्थान पर रही।
खो-खो प्रतियोगिता के मुकाबलों में संकुल मझगांवां के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। खो-खो बालक एवं बालिका दोनों ही वर्गों में संकुल मझगांवां की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। दोनों ही वर्गों में संकुल अमदहा की टीम उपविजेता घोषित की गई।
समापन व पुरस्कार वितरण समारोह में खंड विकास अधिकारी (BDO) नौगढ़ ने सभी विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल व शील्ड प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि खेल से बच्चों में शारीरिक विकास के साथ-साथ अनुशासन और समूह में कार्य करने की भावना जागृत होती है।
कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक नौगढ़ श्री आशीष गुप्ता ने आए हुए अतिथियों, अध्यापकों व प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शिक्षक कृष्ण नन्दन मिश्रा, लाल बहादुर, अरुण सिंह, सादिक मोहिउद्दीन, नीरज सिंह, महेश तेंदुलकर, नन्द लाल सिंह, सुरेश यादव तथा अनुदेशक सुभाष यादव व कैलाश यादव सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी व शिक्षक उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ