सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज।
(रिपोर्ट- मदन मोहन नौगढ़/चंदौली)
चंदौली। विगत रात में जयमोहनी रेंज अंतर्गत हरियाबांध बीट के भैसोड़़ा कंपार्टमेंट संख्या-18 के आरक्षित वन क्षेत्र में मंगलवार की रात में मुखबिर से अवैध बोरिंग किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम तत्काल आरक्षित वन मे पहुंची, बोरिंग वाले स्थान के पहले ही गांव का प्रधान अनिरुद्ध यादव पुत्र बाबूलाल, निवासी ग्राम मैरहंवा, थाना चकरघट्टा, जनपद चंदौली अपने 15-20 सहयोगियों के साथ मौजूद मिला और वन विभाग की टीम को देखते ही उसके उकसाने पर मनबढ़ साथियों द्वारा अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज करते हुए राजकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई व जांच कार्य से रोका जाने लगा। गांव के प्रधान अनिरुद्ध यादव द्वारा अपने सहयोगियों को उकसाकर वन विभाग की टीम को चारों तरफ से घेर लिया गया तथा कर्मचारियों को धमकाने, गाड़ी से बाहर खींचने एवं मारपीट का प्रयास किया गया, जिससे स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना पाकर रेंजर जयमोहनी ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस के हस्तक्षेप से मामला उस समय शांत हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए संबंधित थाना चकरघट्टा, नौगढ़ में अनिरुद्ध यादव एवं अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो क्लिप एवं अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। वीडियो में चिन्हित किए गए अन्य व्यक्तियों को पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, वन संपदा के दोहन एवं शासकीय कार्य में बाधा को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। रेंजर ने कहा कि कर्मचारियों के साथ किसी भी अभद्रता को स्वीकार नही किया जायेगा। जिसको भी अपनी बात कहनी है नियम व सभ्यता के दायरे मे रहकर करे।



0 टिप्पणियाँ