सोमवार से पर्यटकों के लिए खुलेगा लखनिया दरी जलप्रपात।
(रिपोर्ट - नीरज कुमार निर्भीक/मिर्जापुर)
अहरौरा (मिर्जापुर)। विंध्य पर्वत श्रृंखला की गोद में प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध लखनिया दरी जलप्रपात सोमवार से एक बार फिर पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। लगभग चार माह से बंद पड़े इस पर्यटन स्थल पर अब आगंतुकों को प्रवेश की अनुमति मिल जाएगी। पार्किंग ठेका प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रशासन ने जलप्रपात को दोबारा खोलने का निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार, पार्किंग ठेके को लेकर उत्पन्न विवाद के चलते करीब चार महीने पहले लखनिया दरी जलप्रपात पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई थी और मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया गया था। इस दौरान चोरी-छिपे प्रवेश करने और हादसों की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठे।
अब पार्किंग का ठेका लगभग 16 लाख रुपये में स्वीकृत होने के बाद संबंधित व्यवस्थाएं बहाल कर दी गई हैं। वन विभाग और प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस बार बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था की है।
क्षेत्राधिकारी हिमांशु श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार से लखनिया दरी जलप्रपात पर्यटकों के लिए निर्धारित नियमों के तहत खोल दिया जाएगा। उन्होंने पर्यटकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और प्राकृतिक धरोहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।



0 टिप्पणियाँ