बाल मजदूर ले जा रहे पिकअप गाड़ी पर चला पुलिस का हंटर।

बाल मजदूर ले जा रहे पिकअप गाड़ी पर चला पुलिस का हंटर। 



मझगांवा पुल पर पुलिस का बड़ा एक्शन: पिकअप की छत पर ठूंस-ठूंस कर ले जाए जा रहे थे बाल मजदूर, दो वाहनों के चालान  



(रिपोर्ट मदन मोहन नौगढ़ चंदौली)



 चंदौली। थाना नौगढ़ क्षेत्र अंतर्गत हरियाबाद चौकी इंचार्ज अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों और बाल श्रम कराने वालों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। मजगामा पुल पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने यात्रियों की जान जोखिम में डालकर फर्राटा भर रहे पिकअप वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए चालान काटा।

जिंदगी से खिलवाड़: छत और डाला पर लदे थे मजदूर

सोमवार को हरियाबाद चौकी इंचार्ज अजय कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम ने मजगामा पुल पर घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान कई पिकअप गाड़ियां रुकवाई गईं, जिनमें क्षमता से कई गुना अधिक मजदूरी करने वाले लोगों को बेहद अव्यवस्थित तरीके से बैठाया गया था। हद तो तब हो गई जब कई मजदूर पिकअप की छत और डंडे के सहारे खतरनाक तरीके से लटके हुए पाए गए। जरा सी चूक बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।

मासूमियत पर चोट: पिकअप में मिले अधिकांश बाल मजदूर

कार्रवाई के दौरान सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई कि वाहनों में सवार मजदूरों में एक बड़ी संख्या छोटे-छोटे बच्चों की थी। मजदूरी के लिए ले जाए जा रहे इन बच्चों को भी पिकअप के अंदर और छतों पर असुरक्षित ढंग से ठूंसा गया था। बाल मजदूरी और बच्चों के जीवन को खतरे में डालने के इस गंभीर मामले को देखते हुए पुलिस ने कड़ी नाराजगी जताई।

चौकी इंचार्ज की सख्ती, वाहन चालकों में हड़कंप

हरियाबाद चौकी इंचार्ज अजय कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नियम तोड़ने वाले पिकअप वाहनों के चालान काटे और वाहन चालकों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सवारी ढोने के लिए मालवाहक वाहनों का उपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बच्चों से मजदूरी कराने और उनकी जान खतरे में डालने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसा अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध वाहन चालकों और ठेकेदारों में हड़कंप मचा रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ