चकरघट्टा थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में व्यापारियों संग बैठक: दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण कराने पर मंथन
पुलिस और व्यापारियों के बीच शांति समिति की बैठक संपन्न, सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर हुई व्यापक चर्चा।
रिपोर्ट मदन मोहन नौगढ़/चन्दौली:
आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना चकरघट्टा परिसर में थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस प्रशासन और क्षेत्र के व्यापारियों के बीच एक महत्वपूर्ण शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और स्थानीय दुकानदारों के साथ त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। थाना प्रभारी ने व्यापारियों से अपील की कि वे पूजा पांडालों और बाजारों में सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करें, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखें तथा किसी भी असामाजिक तत्व या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
प्रमुख गणमान्य लोग रहे मौजूद:
बैठक में व्यापार मंडल के तहसील अध्यक्ष (नौगढ़) अभिमन्यु प्रजापति, जिला विधिक सलाहकार राम जियावन सिंह यादव, महामंत्री राजकुमार पाल, लालसब यादव और युवा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित क्षेत्र के तमाम सम्मानित व्यापारी बंधु और नागरिक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी व्यापारियों एवं पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी महेश कुमार सिंह व पुलिस टीम को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया और संकल्प लिया कि दुर्गा पूजा का यह पावन पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा।


0 टिप्पणियाँ