गढही में गिरने से मजदूर की मौत, मिर्गी का दौरा पड़ने की आशंका।
सोनभद्र। जिले के सुकृत चौकी क्षेत्र अंतर्गत मधुपुर गांव में गढही में गिरने से 40 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रामखेलावन उर्फ टेबू (40 वर्ष) पुत्र बोधी विश्वकर्मा निवासी वैनी, थाना बभनी, अपने सात अन्य सहकर्मियों के साथ मधुपुर निवासी बेचू मौर्य के यहां धान की कटाई करने आया था। बुधवार को सभी मजदूर खेत में धान काट रहे थे। इसी दौरान गुरुवार की सुबह करीब 10:30 बजे रामखेलावन पानी पीने के लिए टंकी के पास गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह पास की गढही की ओर चला गया, जहां अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने से गढही में गिर गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय निवासी दशरथ मौर्य ने गढही से उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पूछताछ में पता चला कि मृतक काफी समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और घटना से एक रात पहले भी उसे दौरा पड़ा था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी, रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस एवं सुकृत चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम द्वारा भी घटनास्थल की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।


0 टिप्पणियाँ