क्रमशः 5 दिनों के अन्दर महिला ने दी 4 बच्चों को जन्म।
प्रकृति का अनसुलझा दस्तूर, महिला ने दी एक साथ 4 बच्चों को जन्म।
(सोर्स - वायरल खबर/सोशल मीडिया)
अभी तक आपने किसी महिला के जुड़वा बच्चों को जन्म देने या कुछ ही मिनटों के अंतराल पर एक साथ दो बच्चे पैदा होने की खबरें सुनी होंगी। लेकिन, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने पांच दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म दिया है। डिलीवरी के बाद मां और उनके चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ हैं। चारों बच्चों का जन्म भी सामान्य प्रसव प्रक्रिया (नार्मल डिलीवरी) से हुआ है। डिलीवरी कराने वाली डॉक्टर इसे एक दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण मामला मान रहे हैं।
संभल जिले के ओबरी गांव में रहने वाले मोहम्मद आलिम एक किराना स्टोर चलाते हैं। उनकी पत्नी अमीना की गर्भावस्था शुरू से ही जटिल मानी जा रही थी। गर्भ के दूसरे महीने में अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि अमीना के गर्भ में एक नहीं, बल्कि चार बच्चे पल रहे हैं। सभी बच्चे अलग-अलग थैली में थे, जिससे गर्भावस्था हाई रिस्क कैटेगरी में पहुंच गई थी। लेकिन डॉक्टरों ने हार नहीं मानी और पांच दिनों में क्रमशः चार बच्चों की नार्मल डिलीवरी कराई। हालांकि यह खबर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। एक तरफ प्रकृति के अनोखे दस्तूर से लोग दंग रह गए तो वहीं डाक्टर टीम को बधाईयां भी मिल रही हैं तथा मां की सहनशीलता और धैर्य की भी खूब सराहना हो रही है।





0 टिप्पणियाँ