एक हफ्ते से टूटे नहर का नहीं हो रहा मरम्मत, पानी से इलाका जलमग्न।
सोनभद्र। जनपद के करमा ब्लाक अंतर्गत ग्राम सभा लोहरा के पंपवा बस्ती के पास गौरही माइनर पिछले एक हफ्ते से टूटा हुआ है और नहर का पानी खेतों से होते हुए रिहायशी इलाके की तरह तथा लोगों के घरों को छूने लगा है लेकिन अभी तक संबंधित विभाग इसे गंभीरता से नहीं लिया।
लोगों का आरोप है कि जब संबंधित विभाग के अधिकारियों को फोन कॉल के जरिए सूचना देने का प्रयास किया गया तो किसी अधिकारी ने फोन नहीं रिसीव किया तथा कुछ लोगों का तो फोन लगा तक नहीं। वहीं सूत्रों की मानें तो नहर विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना पहले से है लेकिन इसके बावजूद एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी नहर के मरम्मत करने का प्रयास भी नहीं किया गया और आज तक नहर का पानी अनावश्यक बह रहा है।
इसलिए क्षेत्रीय लोगों ने नहर विभाग तथा उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट करने के लिए सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर मदद की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है की जिला अधिकारी सोनभद्र महोदय स्वत: इस मामले को संज्ञान में लेते हुए नहर के मरम्मत करवाने का आदेश संबंधित विभाग को दें, जिससे कि समय रहते और ज्यादा नहर टूटने से पहले उसकी मरम्मत की जा सके।




0 टिप्पणियाँ