बढौली चौराहा पर NSUI के कार्यकर्ताओं ने फूंका धर्मेंद्र प्रधान का पुतला 



सोनभद्र। आज दिनांक 30/5/2026 को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने NEET, CBSE एवं SSC परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं एवं छात्रों की समस्याओं को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।



NSUI के जिला अध्यक्ष अंशु गुप्ता ने कहा कि देश का परीक्षा तंत्र लगातार सवालों के घेरे में है। पहले NEET परीक्षा में अनियमितताओं के आरोप लगे, उसके बाद CBSE परिणामों को लेकर छात्रों में असंतोष देखने को मिला और अब SSC परीक्षाओं को लेकर भी अभ्यर्थियों के बीच नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना बंद करे तथा सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करे।

प्रदर्शनकारी  निगम राजभर ने कहा कि लाखों छात्र वर्षों की मेहनत के बाद परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन परीक्षा एवं परिणाम संबंधी गड़बड़ियों से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। NSUI ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने की मांग की।

कार्यक्रम में उपस्थित NSUI कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया और सरकार से छात्रों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की। इस दौरान जिला महासचिव रोहित जाटव,जिला सचिव सचिन मधेशिया, सौम्य सिंह पटेल, सुजीत गुप्ता ,रवि मद्धेशिया, अमरजीत भारतीय ,शिवप्रसाद राजभर, संदीप गुप्ता,सुमित गिरी ,शिवम मधेशिया ,अश्वनी कुमार शिवांशु गोस्वामी ,आदित्य कुमार ,नरेंद्र कुमार ,राहुल मधेशिया,निमेष गिरी,आशीष राजभर,युवराज गोस्वामी सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।