जैविक खेती को लेकर किसान गोष्ठी आयोजित। बड़े बड़े कृषि वैज्ञानिक हुए शामिल।
(रिपोर्ट - बृजेश कुमार सिंह/सोनभद्र)
सोनभद्र। जनपद के करमा विकास खंड अंतर्गत ग्राम सभा कम्हरिया स्थित सोनांचल सब्जी एवं बीज उत्पादक कंपनी के नेतृत्व में जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर जैविक खेती से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अभिजीत मौर्य (जिला प्रबंधक, इफ्को) उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. संजीव राय (कृषि वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र), सुखदेव सिंह (इफ्को एमसी) एवं अविनाश कुमार पाण्डेय (एसएफए, इफ्को) शामिल हुए। इसके अलावा एक्सेस डेवलपमेंट कंपनी से पंकज श्रीवास्तव एवं प्रदीप कुमार, सोनांचल सब्जी एवं बीज प्रोड्यूसर कंपनी के डायरेक्टर बोर्ड सदस्य राजेश कुमार मौर्य, मनोज कुमार, संगीता प्रजापति, सीमा वर्मा तथा कंपनी के सीईओ राजेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दिनेश कुमार द्वारा किया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए कृषि वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने किसानों को जैविक खाद, जैविक उर्वरक तथा जैविक कीटनाशकों के उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि जैविक खेती न केवल भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने में सहायक है, बल्कि इससे उत्पादित फसलें स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होती हैं।
कृषि वैज्ञानिक डॉ. संजीव राय ने मिर्च, टमाटर, बैंगन सहित विभिन्न सब्जियों की जैविक खेती की उन्नत तकनीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने किसानों को फसलों में रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए जैविक विकल्प अपनाने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को विशेषज्ञों के समक्ष रखा, जिनका समाधान भी किया गया। गोष्ठी के अंत में किसानों ने जैविक खेती को अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।



0 टिप्पणियाँ