बरसात में जलभराव से आवागमन हुआ दूभर, सड़क में गढ़ा, या गढ़े में सड़क ?

 बरसात में जलभराव से आवागमन हुआ दूभर, सड़क में गढ़ा, या गढ़े में सड़क ?



ब्लॉक प्रमुख के गांव के पास की सड़क भी बदहाली का शिकार। 



(रिपोर्ट - ब्यूरो रिपोर्ट)





सोनभद्र। जनपद के करमा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा कम्हरिया से परही जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को रोज़ाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने बताया कि विडंबना यह है कि इस सड़क से महज कुछ ही दूरी पर करमा ब्लॉक प्रमुख का निवास भी है, बावजूद इसके सड़क की स्थिति वर्षों से जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने इस मार्ग की सुध ली होती तो आज यह सड़क इतनी जर्जर नहीं होती। ग्रामीणों ने विधायक, सांसद और ब्लॉक प्रमुख पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि गांव पहुंचते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद क्षेत्र की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं देते।

बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है, जबकि स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि कम्हरिया–परही मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर समाधान कराते हैं या फिर ग्रामीणों को पूरे बरसात इसी बदहाल सड़क पर चलने के लिए मजबूर रहना पड़ेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ