चन्दौली में स्टार्टअप वर्कशॉप 'तेजस' की धूम, युवाओं को मिली बड़ी सौगात; ITI रेवसा में बनेगा स्थाई सैटेलाइट सेंटर।

 चन्दौली में स्टार्टअप वर्कशॉप 'तेजस' की धूम, युवाओं को मिली बड़ी सौगात; ITI रेवसा में बनेगा स्थाई सैटेलाइट सेंटर।



(रिपोर्ट- मदन मोहन/ चंदौली )



भारत सरकार के उद्योग एवं आन्तरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) की स्टार्टअप पहल के अन्तर्गत शनिवार को राजकीय आईटीआई रेवसा, चन्दौली में एक दिवसीय भव्य स्टार्टअप कार्यशाला (वर्कशॉप) ‘तेजस’ का सफल आयोजन किया गया। इन्वेस्ट यूपी, स्टार्टअप इन यूपी, अटल इन्क्यूबेशन सेंटर बीएचयू (BHU) तथा जिला प्रशासन चन्दौली के संयुक्त समन्वय से आयोजित इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को नवाचार (इन्नोवेशन) और उद्यमिता से जोड़कर जिले में एक मजबूत बिजनेस इकोसिस्टम तैयार करना है।



कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। जिला सेवायोजन अधिकारी (नोडल-तेजस वर्कशॉप) चन्दौली गौरव सिंह ने कार्यशाला की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसके मुख्य उद्देश्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

"रोजगार ढूंढने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा" — मुख्य विकास अधिकारी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (CDO) आर जगत साई ने अपने संबोधन में कहा कि जनपद में एक मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने के लिए युवाओं में नवाचार (इन्नोवेशन) की सोच का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं को सिर्फ नौकरी के पीछे भागने के बजाय खुद का उद्यम शुरू कर दूसरों को रोजगार देना चाहिए।



इस अवसर पर जिले के विभिन्न स्टार्टअप्स, तकनीकी संस्थानों के युवाओं और स्थानीय उत्पादकों द्वारा एक आकर्षक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका मुख्य विकास अधिकारी द्वारा बारीकी से निरीक्षण कर सभी प्रतिभागियों के हुनर की सराहना की गई।

विशेषज्ञों ने दिए बाजार और सरकारी नीतियों के व्यावहारिक मंत्र

कार्यशाला के तकनीकी सत्रों में पहुंचे विषय विशेषज्ञों ने युवाओं को बिजनेस की बारीकियां समझाईं:

 'स्टार्टअप इन यूपी' की ओर से आए प्रशांत रंजन ने उत्तर प्रदेश सरकार की स्टार्टअप नीतियों पर विस्तृत चर्चा की और युवाओं को मिलने वाले वित्तीय व तकनीकी लाभों के बारे में बताया।

  DPIIT के प्रतिनिधि ऋत्विक और रवि ने स्टार्टअप्स को बाजार (मार्केट) से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण और व्यावहारिक सुझाव दिए।

 उपायुक्त उद्योग ने उद्योगों में नवीन स्टार्टअप्स और ई-मार्केट प्लेस (GeM व अन्य डिजिटल बाजार) से जिले के युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने की जरूरत पर बल दिया।

चन्दौली के लिए बड़ी घोषणा: रेवसा कैंपस में खुलेगा सैटेलाइट सेंटर

कार्यशाला में सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण घोषणा अटल इन्क्यूबेशन सेंटर (BHU) की ओर से आए डॉ. पी.वी. राजीव एवं डॉ. नन्दलाल ने की। उन्होंने इन्क्यूबेशन की महत्ता पर विशेष जोर देते हुए जानकारी साझा की कि जनपद चन्दौली के राजकीय आईटीआई रेवसा कैम्पस में एक स्थाई सेटेलाइट सेंटर बनाया जाएगा। इस सेंटर की स्थापना से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने, सही गाइडेंस व विश्वस्तरीय मेंटरशिप पाने के लिए अब बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

महिलाओं और हुनरमंदों की रही भारी मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में जिला सेवायोजन अधिकारी गाजीपुर, प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई रेवसा चन्दौली, प्रधानाचार्य चन्दौली पॉलीटेक्निक चन्दौली सहित कौशल विकास मिशन की ओर से अमित कुमार श्रीवास्तव, शशिकान्त सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यशाला में जिले के 200 से अधिक उत्साही उद्यमियों, युवा नवाचारियों (इन्नोवेटर्स) तथा स्वयं सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं ने प्रतिभाग कर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती दी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ