एसडीओ तीर्थराज मौर्य और पत्रकार बृजेश कुमार सिंह की खास बातचीत।
(रिपोर्ट - बृजेश कुमार सिंह/सोनभद्र)
सोनभद्र। सुकृत पावरहाउस पर नवागत एसडीओ तीर्थराज मौर्य से दैनिक अयोध्या टाइम्स के जिला संवाददाता बृजेश कुमार सिंह ने खास बातचीत की। इस दौरान सुकृत पावरहाउस में ओवरलोड की समस्या, क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा रोस्टिंग सहित अन्य विद्युत समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बातचीत के दौरान एसडीओ तीर्थराज मौर्य ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति को बेहतर बनाने तथा ओवरलोड की समस्या के स्थायी समाधान के लिए विभाग द्वारा युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। सुकृत पावरहाउस की क्षमता वृद्धि को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा।
एसडीओ ने कहा कि रोस्टिंग सहित अन्य कारणों से होने वाली विद्युत कटौती को कम करने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उपभोक्ताओं को बेहतर एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
उन्होंने बरसात के मौसम को देखते हुए क्षेत्रवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की। कहा कि यदि कहीं विद्युत आपूर्ति बहाल होने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होती है अथवा विद्युत व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या आती है तो तत्काल विभागीय अधिकारियों या टीम को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते समस्या का समाधान कराया जा सके।
एसडीओ तीर्थराज मौर्य ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बारिश के दौरान विद्युत पोल, तार अथवा अन्य विद्युत उपकरणों के आसपास जाने से बचें और किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की स्थिति में तत्काल विभाग को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जान-माल के नुकसान को रोका जा सके।



0 टिप्पणियाँ