पिकअप की चपेट में आने से आठ वर्षीय मासूम की मौत।

 पिकअप की चपेट में आने से आठ वर्षीय मासूम की मौत। 


सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत लोहरा गांव में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में करीब आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर कमलकुंज ढाबा के समीप हुई।




प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 31 अगस्त 2026 की दोपहर लगभग 01: 40 बजे के आसपास की है जिसमें लोहरा निवासी संतोष चौहान का करीब आठ वर्षीय पुत्र विक्की सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान सुकृत की तरफ से मधुपुर की ओर जा रही एक पिकअप वाहन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर सुकृत पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हालांकि खबर लगने तक घटना किस पिकअप वैन से हुई इसकी जानकारी नहीं मिल पाई थी लेकिन पुलिस द्वारा हाइवे की तरफ लगे कैमरे को खंगाला जा रहा था।  पुलिस द्वारा गाड़ी की जानकारी उपलब्ध कराए जाने के बाद इसकी जानकारी भी खबर के माध्यम से प्रकाशित की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ