भारी बारिश से जलमग्न हुआ मधुपुर, कई दुकानों में घुसा पानी।
फुटहड़वा पुल के पास बनी बाढ़ जैसी स्थिति, मधुपुर-मझलीबहार मार्ग पर आवागमन प्रभावित।
सोनभद्र। जनपद में बीती रात हुई भारी बारिश से करमा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा मधुपुर में जनजीवन प्रभावित हो गया। लगातार बारिश के चलते मधुपुर बाजार सहित आसपास के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई दुकानों में बारिश का पानी घुसने से दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, मधुपुर के बहुचर्चित फुटहड़वा पुल के पास बारिश के पानी से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। पुल के आसपास पानी का जलस्तर बढ़ने से लोगों में चिंता बढ़ गई।
भारी जलभराव के कारण मधुपुर-मझलीबहार मार्ग पूरी तरह पानी में डूब गया, जिससे इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। मार्ग पर पानी भर जाने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को मजबूरी में अपना रास्ता बदलकर दूसरे मार्गों से गंतव्य तक जाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश के दौरान क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने तथा जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है।
भारी बारिश के बाद मधुपुर में उत्पन्न जलभराव ने क्षेत्र की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।







0 टिप्पणियाँ