राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर सोनभद्र पुलिस ने किया महापुरुषों को नमन

 राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर सोनभद्र पुलिस ने किया महापुरुषों को नमन



(रिपोर्ट - बृजेश कुमार सिंह/सोनभद्र)



सोनभद्र। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सोनभद्र पुलिस द्वारा विभिन्न पुलिस कार्यालयों, थानों एवं चौकियों में कार्यक्रम आयोजित कर दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



पुलिस लाइन परिसर में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें सलामी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों एवं राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया।



उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बने। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के साथ देश की सेवा करते हुए सादगीपूर्ण जीवन एवं उत्कृष्ट नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने सत्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र प्रथम की भावना को कार्यस्थल पर आत्मसात करने की अपील की।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने भी पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान फालोवर एवं सफाईकर्मियों को कंबल वितरित किए गए।

इसके अलावा जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों ने संबंधित थानों में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण किया। जनपद के सभी थानों एवं चौकियों में पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों को नमन करते हुए उनके आदर्शों को स्मरण किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ